नवादा में तीन दिवसीय कला महोत्सव का होगा आयोजन,मैथिली ठाकुर एवं सलमान अली की होगी प्रस्तुती - Skp7news today

Skp7news today

Skp7news today एक निडर,निष्पक्ष, विश्वसनीय और पारदर्शी खबर

Breaking

शनिवार, 22 फ़रवरी 2025

नवादा में तीन दिवसीय कला महोत्सव का होगा आयोजन,मैथिली ठाकुर एवं सलमान अली की होगी प्रस्तुती

नवादा में तीन दिवसीय कला महोत्सव का होगा आयोजन -मैथिली ठाकुर एवं सलमान अली की होगी प्रस्तुती
नवादा(सुरेश राय)। डीएम रवि प्रकाश ने कहा कि जिले में 27 फरवरी से एक मार्च 2025 तक तीन दिवसीय कला महोत्सव का आयोजन हरिश्चन्द्र स्टेडियम में किया जायेगा, जिसमें मैथिली ठाकुर एवं सलमान अली जैसे कलाकारों की प्रस्तुती होगी। तीन दिवसीय कला महोत्सव के तहत 27 फ़रवरी 2025 को सर्वप्रथम उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन होगा। तत्पश्चात मगधी सांस्कृतिक मेला, आपदा विभाग कार्यक्रम एवं फरोगे-ए-उर्दू सेमिनार कार्यशाला मुशायरा होगा, जिसमें एलइडी वैन प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक, आपदा संबंधी राजमिस्त्री का प्रशिक्षण प्रदर्शन तथा विडियो डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन के साथ सांस्कृतिक संध्या में सलमान अली की प्रस्तुती होगी। वहीं 28 फरवरी को ककोलत महोत्सव, वसंत पंचमी महोत्सव तथा मकर संक्रांति महोत्सव होगा, जिसमें सुलेखन, मेंहदी प्रतियोगिता, चित्रकला, रंगोली, खेल कूद प्रतियोगिता, कबड्डी, पतंगबाजी, बालू कला प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक संध्या में मैथिली ठाकुर की प्रस्तुति होगी। जबकि, एक मार्च को मगही महोत्सव में मगही भाषा, साहित्य सम्मेलन-सह भाषायी कार्यशाला, मगही फिल्म प्रदर्शनी, मगही नाटक तथा मगही सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। डीएम ने कहा कि उक्त महोत्सव में स्थानीय कलाकारों की भी प्रस्तुति होगी, जिसके चयन के लिए 24 फरवरी को ऑडिशन टाउन हॉल नवादा में किया जायेगा। उक्त महोत्सव को सफल बनाने को लेकर जिला पदाधिकारी ने मुख्य कार्यक्रम स्थल हरिश्चन्द्र स्टेडियम की साफ-सफाई की सम्पूर्ण व्यवस्था एवं पर्याप्त मात्रा में पालीवार सफाई कर्मियों की प्रतिनियुक्ति तथा डस्टबीन की व्यवस्था कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद नवादा की होगी। कार्यक्रम में आने वाले कलाकारों के आवासन, भोजन, अल्पाहार, पेयजल तथा वीआईपी, विशिष्ट अतिथियों के अल्पाहार एवं पेयजल की व्यवस्था जिला नजारत उप समाहर्ता द्वारा किया जाएगा। सम्पूर्ण कार्यक्रम के लिये कार्यक्रम संबंधी प्रचार प्रसार वृहत पैमाने पर किया जायेगा, इसके लिये आवश्यकतानुसार बैनर, पोस्टर, सोशल मीडिया, केवल टीवी, फेसबुक लाईव टेलीकास्ट तथा ड्रोन की व्यवस्था जिला सूचना जनसम्पर्क पदाधिकारी, आईटी प्रबंधक, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी, नवादा सदर द्वारा की जायेगी। सम्पूर्ण कार्यक्रम की विडियोग्राफी व फोटोग्राफी जिला नजारत उप समाहर्ता द्वारा कराई जाएगी। इनके वरीय प्रभार में अपर समाहर्त्ता होंगे। संपूर्ण कार्यक्रम के लिए विधि व्यवस्था एवं यातायात से संबंधित रूप रेखा तैयार कर उसके अनुरूप आवश्यकतानुसार दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती किया जाना है। विधि व्यवस्था की संपूर्ण जिम्मेदारी अनुमण्डल पदाधिकारी, नवादा सदर को दी गई है। यातायात से संबंधित रूप रेखा तैयार कर उपलब्ध कराने तथा उसके अनुरूप पुलिस पदाधिकारी, दण्डाधिकारी एवं पुलिस बालों की प्रतिनियुक्ति की जिम्मेवारी अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर की होगी। इनके वरीय प्रभार में अपर समाहर्त्ता होंगे। सिविल सर्जन मुख्य समारोह स्थल पर एम्बुलेंस (चिकित्सक, अन्य सहयोगी कर्मी महिला-पुरुष दल एवं जीवन उपयोगी दवाईयों के साथ) तैयार अवस्था में रखना सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार, सम्मान, प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र का भी वितरण किया जायेगा। सम्पूर्ण कार्यक्रम के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निदेश दिया गया है कि उक्त समारोह के सफल आयोजन को लेकर अपने-अपने स्तर से सभी कार्याें का ससमय निष्पादन करना सुनिश्चित करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें